शनिवार, 15 अक्तूबर 2011

सेवा की गारण्टी देंगे, माया टैक्स पर रोक लगेगी


जन स्वाभिमान यात्राओं में राजनाथ-कलराज ने बताये चुनाव बाद के मंसूबे 




अशोक कुमार सिंह
लखनऊ, 15 अक्तूबर: 
        भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आते ही लोक सेवा गारण्टी लागू करेगी, अवैध रूप से वसूले जा रहे ‘माया टैक्स’ पर रोक लगेगी और जिम्मेदार लोगों को जेल भेजे जायेंगे, चाहे वे कितने भी बड़े व्यक्ति क्यों न हों। जनता का स्वाभिमान जगाकर पार्टी को सत्ता के कुछ और नजदीक पहुंचने की चाहत में जनस्वाभिमान यात्रा पर निकले पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष कलराज मिश्र ने तीसरे दिन शनिवार को अलग-अलग सभाओं में यह बात कहीं। दोनों नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ रही बेकाबू महंगाई के लिए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी बराबर की साझेदार है। इस शासन में सब कुछ महंगा है, अमन और शांति तो सर्वाधिक महंगी है। प्रदेश में बसपा सरकार की साख गिरी है। आमजन को सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस पिट रही है। 
        मथुरा से यात्रा शुरू करने वाले राजनाथ ने पहासू और खुर्जा में आयोजित जनसभाओं में कहा कि सत्ता में बैठे हुए लोगों का चरित्र निष्कलंक होना चाहिए। पहले सार्वजनिक जीवन में किसी नेता-मंत्री पर कोई आरोप लगता था, तो वह तत्काल नैतिकता के आधार पर पद त्याग देता था, किन्तु आज वित्त मंत्री को प्रधानमंत्री ही बचाने में लगे हुए हैं। प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकारी खजाने की फिजूलखर्ची हो रही है। सरकार दलितों के प्रति संवेदन शून्य है। सामाजिक समरसता तार-तार हो गयी है। जाति-बिरादरी की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है जो भविष्य के लिए खतरनाक है।
        राजनाथ ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग अपराधियों को संरक्ष़ण दे रहे हैं। लोकायुक्त की रिपोर्ट के अनुसार सर्वाधिक बसपा के 67 विधायक अपराधी छवि के हैं। मायावती का इस पर कोई ध्यान नहीं है। उन्हें अपनी सरकार बची रहने की चिन्ता है, ताकि वह पूरे समय तिजोरी भरती रहें। भाजपा की सरकार बनते ही ये सारे अपराधी छवि वाले मंत्री-विधायक जेल में होंगे। प्रदेश में सुशासन के माध्यम से अमन-चैन कायम होगा। शनिवार को राजनाथ ने अलीगढ़ से चलकर करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय की। यात्रा में उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रमापति राम त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय कटियार, एवं राष्ट्रीय सचिव संतोष गंगवार भी थे। 
        वहीं यात्रा के डाला (सोनभद्र) पहुंचने पर कलराज ने कहा कि बसपा की पूरी सरकार भ्रष्ट है। हर दिन एक नया मंत्री लोकायुक्त जांच में फंस रहा है। इससे भाजपा के आरोपों की पुष्टि हो रही है। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार के कारण विकास प्रभावित हो रहा है निर्माण के ठेके बसपा नेताओं को दिये जा रहे हैं। जो धन आमजन के विकास में खर्च होना चाहिए था वह बसपा नेताओं की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के कुछ आला अफसरों द्वारा बसपा नेताओं के दबाव में काम करने के कारण पुलिस का इकबाल कम हुआ है। हालात यह हैं कि अलग-अलग कारणों से कहीं भीड़ तो कहीं पर अपराधी खाकी पर हमलावर हो रहे हैं।
        चोपन में आयोजित स्वागत समारोह में कलराज ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा के धन की लूट मची है। उन्होंने एक निजी एजेन्सी के सर्वे रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि सोनभद्र में मनरेगा के धन में 80 प्रतिशत से अधिक धन की हेराफेरी की गयी। उन्होंने कहा कि जब केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता बार-बार कहते हैं कि उप्र में मनरेगा के धन की बन्दरबांट हो रही है तो फिर केन्द्र सरकार प्रदेश सरकार के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं करती?


गंगा शुद्धीकरण के लिए टैक्स के प्रस्ताव की आलोचना 
        लखनऊ, 15 अक्तूबर: 
        भारतीय जनता पार्टी ने गंगा शुद्धीकरण के लिए जनता से टैक्स वसूलने के सरकार के प्रस्ताव की कड़ी आलोचना की है। प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को कहा कि गंगा भारत के जनगण की आराध्य है पूज्य है, प्राणदायिनी है, अन्नदाता है। गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए हजारों करोड़ का बजट स्वीकृत होना और गंगा का प्रदूषण दूर न हो पाना आश्चर्यजनक और खेदजनक है।  
        शाही ने कहा कि केन्द्रीय सरकार की कमेटी ऑन इकोनामिक अफेयर्स द्वारा केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय के 7,000 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ ही गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए संबंधित राज्यों के शहरी स्थानीय निकाय से संसाधन सृजित करने के लिए कर सेस तथा युजर्स चार्ज आदि लगाने की अपेक्षा की गयी है। उन्होंने इस निर्णय पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी से टैक्स वसूलने की बजाय उन उद्योगों से टैक्स वसूलना चाहिए, जिनके जहरीले रसायन से गंगा प्रदूषित हो रही है। शहरी क्षेत्रों के सीवर तथा गंदे नालों को गंगा नदी में गिरने से रोकना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। टैक्स तथा जुर्माना तो शहरी निकायों और गंगा में अपने अपशिष्ट डालने वाले उद्योगों के ऊपर लगाना चाहिए। 
        प्रदेश अध्यक्ष ने कहा नीतियों के दृढ़ता से पालन न होने के कारण गंगा नदी सिकुड़ती जा रही है। इसे रोकने के लिए नेचुरल वाटर रिचार्ज को जन सहयोग के माध्यम से पुनर्जीवित करने की जरूरत है। नगरीय सीवेज सिस्टम व सालिड वेस्ट का निस्तारण तथा औद्योगिक उत्प्रवाह गंगा में जाने से रोकना पहली प्राथकिता होनी चाहिए।



भाजपा कार्यकारिणी की बैठक 29 से कुशीनगर में
        लखनऊ, 15 अक्तूबर: 
        भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक 29-30 अक्तूबर को कुशीनगर में होगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय एवं प्रदेश के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विन्ध्यवासिनी कुमार ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। 
        उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय मंत्री, समस्त संगठन मंत्री, प्रदेश कार्य समिति सदस्य, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष/संयोजक, जिलाध्यक्ष तथा जिला प्रभारी भाग लेंगे। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात, तेजी से बढ़ते भ्रष्टाचार, लचर कानून-व्यवस्था, बेकाबू महंगाई के सात ही तथा देश-प्रदेश में चल रही जन चेतना यात्रा व जन स्वाभिमान यात्रा की सफलता के उपायों पर भी चर्चा की जायेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें